रुड़की: आईआईटी रुड़की परिसर में मॉर्निंग वॉक के दौरान ई-रिक्शा की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई प्रोफेसर की पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आईआईटी परिसर में सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, आईआईटी रुड़की के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय 21 सितंबर की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि केमेस्ट्री विभाग के बाहर वाली सड़क पर पहुंचने के दौरान एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रूपा राय सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद उन्हें रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद आईआईटी रुड़की के अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों और छात्र-छात्राओं में शोक का माहौल है। वहीं, हादसे के बाद परिसर में वाहनों की आवाजाही और गति को नियंत्रित करने के इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पैदल चलने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही को लेकर अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत महसूस की जा रही है। इससे पहले भी परिसर में वाहन की टक्कर से एक छात्रा के घायल होने की घटना सामने आ चुकी है।
फिलहाल हादसे के बाद आईआईटी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर चर्चा बनी हुई है।

+ There are no comments
Add yours