ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड में मानसून अब अंतिम चरण में है, लेकिन बदलते मौसम के बीच मौसमी और संक्रामक बीमारियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश में स्वाइन फ्लू, डेंगू और कोविड संक्रमण के आंकड़ों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक स्वाइन फ्लू के 641 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
स्वाइन फ्लू के 600 मरीज हुए ठीक
प्रदेश में सामने आए 641 स्वाइन फ्लू मरीजों में से 600 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 39 मरीजों का इलाज जारी है। स्वाइन फ्लू के कारण अब तक 2 मरीजों की मौत होने की जानकारी है।
पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें अकेले देहरादून जिले से 9 मामले हैं, जबकि अन्य जिलों में 6 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
2111 सैंपल की जांच, 641 में संक्रमण
स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अब तक प्रदेश में 2111 सैंपल लिए गए हैं। इनमें देहरादून से 428 और अन्य जिलों से 213 मरीजों के पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नए मामलों की संख्या पहले की तुलना में कम हो रही है। हालांकि, बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी जारी है।
कोविड के 57 मरीज भी मिले
स्वाइन फ्लू के अलावा कोरोना संक्रमण के मामलों पर भी स्वास्थ्य विभाग नजर बनाए हुए है। प्रदेश में कोविड संक्रमण की जांच के लिए अब तक 1060 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 57 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
पॉजिटिव मरीजों में 29 देहरादून और 28 अन्य जिलों के बताए गए हैं।
डेंगू के मामलों पर भी नजर
प्रदेश में बदलते मौसम के साथ डेंगू के मामले भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। स्वाइन फ्लू, डेंगू और कोविड के बीच स्वास्थ्य विभाग लोगों से बदलते मौसम में सावधानी बरतने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने की अपील कर रहा है।

+ There are no comments
Add yours