Puri में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शुरू

ख़बर रफ़्तार, पुरी : Puri ओडिशा के पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा आज पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ शुरू हो रही है। सनातन परंपरा के सबसे बड़े और प्राचीन धार्मिक आयोजनों में शामिल इस महोत्सव में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

पाहंडी के बाद शाम 4 बजे शुरू होगा रथों का खींचना

श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक पाहंडी यात्रा सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में तीनों भव्य रथों को शाम 4 बजे खींचने की परंपरा निभाई जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते हैं।

रथयात्रा का धार्मिक महत्व, लाखों भक्तों में उत्साह

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ श्रीमंदिर से निकलकर अपनी मौसी के घर गुंडिचा मंदिर की यात्रा करते हैं। इस अवसर पर भगवान अपने भक्तों को सुलभ दर्शन देते हैं, जिसे अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह भव्य उत्सव भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहता है।

You May Also Like

More From Author