Beti की शादी से पहले सड़क सुधारने के लिए फावड़ा-बेलचा लेकर उतरे पिता, 5 हजार की आबादी परेशान

ख़बर रफ़्तार , पिथौरागढ़: बेटी की शादी हर पिता के लिए जिंदगी का बेहद खास और भावुक मौका होता है। इस दौरान परिवार शादी की तैयारियों में जुटा रहता है, लेकिन सीमांत जिले पिथौरागढ़ के एक पिता को बेटी की शादी से पहले बारात और मेहमानों के आने-जाने का रास्ता ठीक करने के लिए खुद फावड़ा-बेलचा उठाना पड़ा। मूनाकोट विकासखंड के गुरुमतोली गांव से सामने आई यह तस्वीर सड़क की बदहाली और सरकारी व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।

30 नवंबर को होनी है बेटी की शादी

गुरुमतोली गांव निवासी गोविंद जोशी की बेटी की शादी 30 नवंबर को तय है। घर में शादी से जुड़े मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। लेकिन गांव तक पहुंचने वाली क्वीतड़-जमतड़ी सड़क की खराब हालत ने परिवार की चिंता बढ़ा दी। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।

ग्रामीणों के साथ सड़क सुधारने में जुटे पिता

बारात और शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को परेशानी न हो, इसके लिए गोविंद जोशी ने खुद सड़क ठीक करने की जिम्मेदारी उठा ली। शुक्रवार को घर में गणेश पूजा का कार्यक्रम होने के बावजूद वह ग्रामीणों के साथ फावड़ा और बेलचा लेकर सड़क पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर गड्ढों में मिट्टी और मलबा भरकर रास्ते को चलने लायक बनाने की कोशिश की।

गोविंद जोशी के मुताबिक, उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। सड़क सुधारने के लिए जेसीबी भेजने की मांग भी पूरी नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया।

5 हजार की आबादी के लिए मुख्य मार्ग

करीब 10 किलोमीटर लंबा क्वीतड़-जमतड़ी मार्ग आसपास के कई गांवों की लगभग पांच हजार आबादी के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद से अब तक इसका डामरीकरण नहीं हुआ। बरसात और इस साल आई आपदा के कारण मार्ग की स्थिति और खराब हो गई है।

12 साल से मरम्मत की मांग कर रहे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। यहां तक कि सड़क की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार तक किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का दावा है कि करीब 12 साल से इस मार्ग की बदहाली को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सरकारी व्यवस्था पर उठे सवाल

बेटी की शादी से पहले पिता का ग्रामीणों के साथ सड़क सुधारने के लिए श्रमदान करना लोगों को भावुक कर रहा है। लेकिन यह घटना एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है कि जिस सड़क से हजारों लोग रोजाना गुजरते हैं, उसकी मरम्मत के लिए ग्रामीणों को खुद ही क्यों आगे आना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि लोक निर्माण विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है।

You May Also Like

More From Author