Bengaluru की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, बेंगलुरु : Bengaluru कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेंगलुरु दक्षिण जिले के मदपट्टना क्षेत्र स्थित एक पत्थर खदान में अचानक विशाल चट्टान गिरने से कम से कम सात मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर स्टोन क्रशर साइट पर दिहाड़ी मजदूरी कर रहे थे। काम के दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से भारी चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में कई श्रमिक आ गए। मौके पर ही सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय खदान में लगभग 18 मजदूर काम कर रहे थे। आशंका है कि कुछ श्रमिक अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। इसी वजह से पुलिस, दमकल और बचाव दल संयुक्त रूप से मलबा हटाकर तलाश अभियान चला रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाले मजदूरों के रूप में हुई है। उनके परिजनों को हादसे की सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही तो हादसे की वजह नहीं बनी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours