Amarnath Yatra 2026 का शुभारंभ, पहला जत्था जम्मू से रवाना

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, जम्मू : Amarnath Yatra 2026 जम्मू-कश्मीर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच अमरनाथ यात्रा 2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

बीजेपी सांसद जुगल किशोर शर्मा ने यात्रा को देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक बताते हुए इसके सफल आयोजन की कामना की। वहीं, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक रहने की संभावना है। उन्होंने भरोसा जताया कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्थाएं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

यात्रा शुरू होने से पहले बालटाल और पहलगाम बेस कैंपों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना होने की तैयारी करते नजर आए।

सुरक्षा के मद्देनज़र सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन और के-9 डॉग स्क्वॉड ने उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की गहन जांच की। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने श्रीनगर के पठान चौक स्थित यात्री निवास में आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया।

करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार 57 दिनों तक चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से अनंतनाग के पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गंदेरबल के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू होगी। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours