ख़बर रफ़्तार, आगरा: यमुना से पानी को लिफ्ट कर सिकंदरा जल संस्थान पहुंचाने वाली पाइप लाइन बुधवार को कैलाश मंदिर के पास फिर टूट गई। इससे आधा शहर दो दिन तक पानी के संकट से जूझेगा। पाइप लाइन की मरम्मत गुरुवार शाम तक हो पाई और पानी की आपूर्ति शुक्रवार शाम को ही सुचारु हो पाएगी। एमबीबीआर प्लांट से यमुना जल की 90 एमएलडी सप्लाई रुकेगी, जबकि गंगाजल की आपूर्ति सुचारू रहेगी।
सिकंदरा जल संस्थान से आधे शहर को पानी की आपूर्ति की जाती है। इसमें आवास विकास, बोदला, मारुति एस्टेट, शाहगंज, मानस नगर, पश्चिमपुरी, लोहामंडी, मदिया कटरा, जगदीशपुरा आदि क्षेत्र शामिल हैं। पाइप लाइन टूट जाने से यमुना जल की आपूर्ति बाधित हो जाएगी। पानी की प्रेशर कमजोर हो जाएगा, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचेगा। कई बस्तियों, कालोनियों में भी पानी नहीं पहुंचेगा। सिकंदरा वाटरवर्क्स से 244 एमएलडी पानी की सप्लाई की जाती है।
+ There are no comments
Add yours