कुमाऊं को मिल सकता है अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, किच्छा में 50 एकड़ भूमि का प्रस्ताव

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : आयुर्वेद संस्थान उत्तराखंड सरकार कुमाऊं क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) स्थापित कराने की दिशा में तेजी से प्रयास कर रही है। इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की।

केंद्र सरकार से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटचा के समक्ष राज्य का पक्ष रखते हुए कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। उन्होंने संस्थान की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए केंद्र से प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

किच्छा के खुरपिया फार्म में 50 एकड़ भूमि प्रस्तावित

राज्य सरकार ने संस्थान की स्थापना के लिए ऊधमसिंह नगर के खुरपिया फार्म, किच्छा में 50 एकड़ भूमि चिन्हित की है। सरकार का दावा है कि यह भूमि सभी आवश्यक मानकों के अनुरूप है और किसी भी प्रकार के विवाद से मुक्त है। प्रस्तावित स्थान सड़क, रेल और हवाई संपर्क से भी अच्छी तरह जुड़ा हुआ है।

एम्स सैटेलाइट सेंटर के पास बनने से मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्य सचिव ने बताया कि प्रस्तावित स्थल भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट स्थित है। ऐसे में यह क्षेत्र आधुनिक चिकित्सा और आयुर्वेद के समन्वय के साथ एक प्रमुख स्वास्थ्य एवं शोध केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार स्थित गुरुकुल आयुर्वेद कॉलेज को उन्नत कर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे आयुष मंत्रालय ने मंजूरी नहीं दी थी। अब सरकार ने नया प्रस्ताव किच्छा के लिए केंद्र सरकार को भेजा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours