ख़बर रफ़्तार, कांकेर : Jharkhand छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाने और वहां बंधक बनाकर काम कराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और उन्होंने शासन-प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित युवतियों में 15 लड़कियां कांकेर जिले की हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों से संबंधित बताई जा रही हैं। सभी को नौकरी का लालच देकर झारखंड भेजा गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें जबरन रोका गया और काम कराया जा रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित युवक को मोबाइल पर मदद का संदेश भेजा। युवती ने बताया कि उसे और अन्य लड़कियों को झारखंड के गढ़वा जिले में बंधक बनाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क कर खोजबीन शुरू कर दी गई। नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि शिकायत मिली है कि कुछ युवतियों को बंधक बनाकर रखा गया है। उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
वहीं लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मामले में कलेक्टर से चर्चा की गई है। कुछ युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं, लेकिन जो वापस आना चाहती हैं, उन्हें सुरक्षित लाने के लिए प्रशासन की टीम काम कर रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours