ख़बर रफ़्तार, दुर्ग : Bhilai Steel छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में शुक्रवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में काम कर रही ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया, जिससे क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान ठेका कर्मचारी रविंद्र चौधरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबिन नीचे गिरते समय बीच में मौजूद स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हो गई। इसी वजह से केबिन सीधे जमीन पर नहीं गिरा और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, केबिन के अंदर मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और घायल रविंद्र चौधरी को पहले मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा है।
घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे ने इसलिए भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में यह जांच का विषय बन गया है कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।
प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours