ख़बर रफ़्तार, रायपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार देर रात रायपुर पहुंचे। यहां से वह सीधे अभनपुर स्थित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रवाना हुए। शिविर के समापन अवसर पर उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा का संदेश दिया।
पवन खेड़ा ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में राजनीतिक कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और आने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तार से संवाद किया जाएगा।
इस दौरान पवन खेड़ा ने राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े कथित विवाद को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों पर चढ़ावे में गड़बड़ी जैसे आरोप लगना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेड़ा ने कहा कि आरएसएस का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या से लेकर अन्य धार्मिक स्थलों तक सामने आए विवादों से ऐसे संगठनों की साख प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि अभनपुर में आयोजित कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक मजबूती पर केंद्रित रहा। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुके हैं। समापन से पहले पवन खेड़ा के तीखे राजनीतिक बयान ने प्रदेश की सियासत को नई चर्चा दे दी है।
