ख़बर रफ़्तार, नैनीताल : Nainital Lake में शनिवार सुबह नयना देवी मंदिर के समीप एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। झील में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भी तल्लीताल क्षेत्र में झील से मल्लीताल निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या मृतक की पहचान से संबंधित कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

+ There are no comments
Add yours