Haridwar 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल तस्करी केस में STF की बड़ी कार्रवाई, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रुडकी : Haridwar  जिले के मंगलौर क्षेत्र से बरामद 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल तस्करी मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान गिरोह के सक्रिय सदस्य अंकित कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य अभियुक्त सचिन मनिहाल के लिए उत्तराखंड में प्रतिबंधित कैप्सूल का रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में काम कर रहा था।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत की गई। गौरतलब है कि 11 मई को STF/ANTF और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 35 लाख रुपये मूल्य के 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना STF देहरादून को सौंपी गई थी।

जांच में बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अंकित प्रजापति की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक वह जनवरी 2026 से सह-आरोपी सचिन मनिहाल से SPASMORE (Tramadol) कैप्सूल लेकर हरिद्वार और आसपास के इलाकों में अवैध सप्लाई करता था। बिक्री से मिलने वाली रकम में अपना कमीशन रखने के बाद शेष राशि आरोपी तक नकद और बैंक के माध्यम से पहुंचाई जाती थी।

STF की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को अब तक करीब 77 पेटियां (लगभग 6,930 डिब्बे) प्रतिबंधित कैप्सूल की विभिन्न खेपों में मिली थीं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड भी डिलीट कर दिए थे, जिसकी पुष्टि डिजिटल जांच से हुई है।

STF ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, बैंक खातों और आर्थिक लेनदेन की गहन जांच कर रही है तथा मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours