Kedarnath Modern में शुरू हुआ 40 बेड का आधुनिक अस्पताल, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रुद्रप्रयाग : Kedarnath Modern विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में अब श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को 40 बेड क्षमता वाले आधुनिक अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अस्पताल का निर्माण भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया गया है।

स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित यह अस्पताल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। अस्पताल में ऑक्सीजन सुविधा, आपातकालीन चिकित्सा, प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श जैसी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ जैसे दुर्गम क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल की स्थापना सरकार की जनसेवा और दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंचते हैं, इसलिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों और आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था कर रही है।

उन्होंने ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल आने वाले समय में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours