दिल्ली में खुला पहला CAA सहायता केंद्र, पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को मिलेगी मदद

ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) दिल्ली प्रांत के सेवा आयाम की ओर से पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी बस्ती आदर्श नगर में भारतीय नागरिकता कानून (सीएए) सहायता केंद्र का आरंभ किया गया है। विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने इस सहायता केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सीएए कानून आने के बाद हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता दिलाने में मदद के लिए सीएए सहायता केंद्र खोले जा रहे हैं।

आदर्श नगर में खोला गया पहला केंद्र

विहिप देशभर में सीएए सहायता केंद्र खोलेगा। अभी पहला केंद्र दिल्ली के आदर्श नगर में खोला गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पांच सीएए सहायता केंद्र खोले जाएंगे। आदर्श नगर, भाटी माइंस, मजनू का टीला, रोहिणी सेक्टर 11 और झंडेवालान में सीएए सहायता केंद्र खोले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में 30 हजार शरणार्थी नागरिकता के लिए आवेदन आ सकते हैं। इनमे पाकिस्तान से आने वाले हिंदू, बलूचिस्तान से आने वाले बलूची और अफगानिस्तान से आने वाले सिख शरणार्थी शामिल हैं। हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता मिल सके, इसलिए सहायता केंद्र में हर संभव मदद की जाएगा।

उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र में बताया जाएगा कि हिंदू शरणार्थियों की नागरिकता के आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज की जरूरत है, सारे दस्तावेज होंगे तो उनका इंटरनेट आवेदन करेंगे। अगर दस्तावेज नहीं बने हैं तो कैसे बनेंगे, कहां जाना है, क्या करना है, सबकुछ बताया जाएगा।

सीएए सहायता केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर विहिप दिल्ली प्रांत के सह सेवा प्रमुख अनिल भारद्वाज, विभाग मंत्री राजीव, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बुद्धि राजा, जिला सह मंत्री प्रेम शर्मा, प्रखंड अध्यक्ष राकेश जुनेजा सहित विहिप के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You May Also Like

More From Author