पीलीभीत में मतदान के बाद कड़ी सुरक्षा में ईवीएम, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, पीलीभीत : पीलीभीत जिले में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अब मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में रखी गईं ईवीएम सीआरपीएफ और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं। सीआरपीएफ के अलावा सिविल पुलिस के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सीआरपीएफ के जवानों की बिना अनुमति के कोई भी वहां पर कोई नहीं जा पाएगा।

19 अप्रैल को हुए मतदान के बाद पीलीभीत, बरखेड़ा, बीसलपुर और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्रों की सभी ईवीएम को शहर की मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में तो पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बहेड़ी विधानसभा की ईवीएम को बरेली में रखवाया गया है।

मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अबकी बार सीआरपीएफ के हवाले ईवीएम की सुरक्षा रहेगी। सीआरपीएफ के 30 जवानों ने मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम के आसपास डेरा डाला है। अंदरूनी घेरे में सीआरपीएफ तो बाहरी घेरे में सिविल पुलिस के लगभग 75 जवानों की डयूटी लगाई गई है।

90 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए 
सशस्त्र जवानों ने मंडी समिति में स्ट्रांग रूम का घेरा बना लिया है ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ न हो सके। इन जवानों की इजाजत के बिना सिविल पुलिस या कोई अधिकारी भी स्ट्रांग रूम के आसपास नहीं भटक सकता। इसके अलावा स्ट्रांग रूम और उसके आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए 90 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिनका कंट्रोल रूम भी मंडी समिति में ही बनाया गया है।

मंडी परिसर में स्ट्रांग रूम के पास दो बैरियर भी लगाए गए हैं। सुरक्षा की संपूर्ण जिम्मेदारी सीओ यातायात विधि भूषण मौर्य को सौंपी गई है। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मंडी समिति में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ जवानों के अलावा सिविल पुलिस को लगाया गया है। मतगणना के दिन तक यही जवान ईवीएम की सुरक्षा करेंगे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours