ख़बर रफ़्तार, डोईवाला: देहरादून जिले में डोईवाला- कुआंवाला के दडेश्वर मंदिर के समीप तीन वाहनों के आपस में टकराए जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से देहरादून के दून अस्पताल भेजा गया है।
हंसते खेलते परिवार की खुशियां होली के दिन मातम में बदली
त्यूणी: कहते हैं समय का कुछ पता नहीं चलता। जिस घर में कल तक बच्चे व परिवार के लोग हंसी-खुशी के साथ रह रहे थे वहां गम का सन्नाटा पसर गया। होली के दिन सड़क हादसे के चलते परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गई।
घर में अकेले कमाने वाले जवान बेटे की अकाल मौत से गमगीन परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जौनसार बावर के सीमांत त्यूणी तहसील से जुड़े टियूटाड़ गांव निवासी विक्रम सिंह चौहान लोक निर्माण विभाग अस्थायी खंड चकराता में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे।
विकासनगर के बाबूगढ़-केसरबाग में वह बच्चों व परिवार के साथ नए मकान में रहते थे। सालभर पहले पिता का निधन होने से परिवार में गृहणी पत्नी, दो मासूम बेटियां, माता व तीन छोटे भाई-बहन के भरण पोषण की पूरी जिम्मेदारी विक्रम के कंधे पर आ गई थी। वह घर में अकेले कमाने वाला था।
रंगों के त्योहार होली के दिन सड़क हादसे में जवान बेटे की अकाल मौत से गमगीन परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। इस दुखद घटना से छह साल की पुत्री रूही चौहान व तीन साल की मासूम बेटी बानवी चौहान के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।
गमगीन पत्नी बीना चौहान, माता मुन्नी देवी और तीन छोटे भाई-बहन के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। किसे मालूम था कि होली का दिन विक्रम की अकाल मौत का कारण बनेगा। इस दर्दनाक घटना से पैतृक गांव टियूटाड़ में शोक छा गया। जवान बेटे का इस तरह दुनिया से चले जाने का गमगीन परिवार को गहरा सदमा लगा है। मंगलवार को हरिपुर के यमुनातट पर नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। घटना पर चकराता विधायक प्रीतम सिंह, विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व क्षेत्र के लोगों ने गहरा दुख जताया।
