बरेली: मीरगंज में 50 हजार रुपये का इनामी रुपचंद गिरफ्तार, दुष्कर्म-हत्या के मामले में था वांछित

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार, बरेली:  बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रुपचंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक रुपचंद दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस से बचने के लिए उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं। बृहस्पतिवार रात उसे दबोच लिया गया।

एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि वर्ष 2018 में दुष्कर्म और महिला की हत्या के मामले में मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली निवासी रुपचंद फरार चल रहा था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था।

बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रुपचंद मीरगंज में अपने किसी साथी से मिलने आया है। इस पर पुलिस ने सिंधौली नदी के पुल से आगे मंदिर के पास उसकी घेराबंदी की। पुलिस को देख उसने भागने का प्रयास किया। टीम ने पीछा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। रुपचंद के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म के अलावा छह अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। कोर्ट से अभियुक्त के विरुद्ध गिरफ्तारी और कुर्की वारंट भी जारी है।

ये भी पढ़ें…मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सीबीआई की छापेमारी, विद्युत अनुभाग में खंगाले दस्तावेज; डीआरएम दफ्तर में पड़ताल

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours