Dehradun में डिलीवरी बॉय से सिक्योरिटी गार्ड की मारपीट, गाली-गलौज का वीडियो वायरल ; आरोपी गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सिक्योरिटी गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में डिलीवरी बॉय बार-बार माफी मांगता नजर आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद गार्ड उसके साथ मारपीट करता रहता है। इस दौरान एक व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश भी करता दिखाई देता है, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता।

दूसरे रास्ते से जाने को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम डिलीवरी बॉय एक ऑर्डर लेने के लिए मॉल पहुंचा था। आरोप है कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे प्रतिबंधित रास्ते से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे रोक लिया।

इसके बाद डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्ड के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक गार्ड ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, मारपीट की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वीडियो में खुद को पूर्व सैनिक बता रहा गार्ड

वायरल वीडियो में मारपीट करने वाला गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बताते हुए दिखाई और सुनाई दे रहा है। वीडियो में वह डिलीवरी बॉय को अपशब्द कहता भी नजर आ रहा है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है।

घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की पहचान महेंद्र सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो डिफेंस कॉलोनी, सेक्टर-3, देहरादून का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब के नशे में था और डिलीवरी बॉय के साथ बहस के बाद मारपीट की गई।

मौके पर पुलिस टीम ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने महेंद्र सिंह को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित की ओर से शिकायत नहीं, जांच जारी

थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डिलीवरी बॉय के प्रतिबंधित रास्ते से प्रवेश करने का आरोप भी सामने आया है। हालांकि, मारपीट किस परिस्थिति में शुरू हुई और पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच का विषय है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours