गंगा स्नान के लिए गए 4 बच्चे डूबे, दो के शव बरामद, दो की तलाश जारी, पूरे इलाके में मचा कोहराम

ख़बर रफ़्तार, मांडा (प्रयागराज) : मांडा क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। राम नवमी पर गंगा स्नान करने गए सात लड़के गंगा में समा गए। तीन को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया जबकि चार लड़के तेज धारा में समा गए। काफी प्रयास के बाद दो बच्चों का शव बरामद कर लिया गया, दो की तलाश में गोताखोर जुटे हैं। इस घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्नान करने गए सात बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना में तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार बच्चे गंगा की तेज धारा में समा गए। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी है।

बामपुर गांव निवासी मोहित (13) पुत्र दिगविजय, दिव्यांशु (16) पुत्र कमलेश, अमन (9) पुत्र कृष्ण कुमार, कुनाल (12) पुत्र अनिल, निहाल (10) पुत्र अनिल, दीपक (17) पुत्र राजाराम और ऋषभ (10) पुत्र कमलेश शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गहराई में जाने से सभी बच्चे डूबने लगे।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मछुआरे मौके पर पहुंचे और मोहित, दिव्यांशु व अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कुनाल, निहाल, दीपक और ऋषभ गंगा की लहरों में बह गए। काफी प्रयास के बाद कुनाल और दीपक के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि निहाल और ऋषभ का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर प्रभारी थाना निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी व भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश जारी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours