दिवाली 2022 पर उत्‍तराखंड परिवहन निगम का बड़ा धमाका, 19 साल में पहली बार की सर्वाधिक कमाई ,कोरोनाकाल में टूट गई थी कमर

खबर रफ़्तार ,देहरादून:  उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने दीपावली पर पहली बार 2.87 करोड़ की कमाई कर नया कीर्तिमान बनाया। दीपावली पर अभी तक रोडवेज ने साल 2021 में सर्वाधिक 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। रोडवेज के प्रबंध निदेशक रोहित मीणा ने इस कीर्तिमान को समस्त कार्मिकों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्मिक मेहनत से इसी तरह काम करेंगे तो रोडवेज कभी भी आर्थिक नुकसान में नहीं जाएगा।

कोरोनाकाल में टूट गई थी कमर

रोडवेज अब तक आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। कोरोनाकाल में उसकी कमर टूट गई थी और हालात यह थे कि कर्मचारियों को चार से पांच माह तक वेतन नहीं दिया जा रहा था।

पिछले दिनों उत्तर प्रदेश राज्य से परिसंपत्तियों के बंटवारे के बाद रोडवेज को मिले 204 करोड़ रुपये के चलते इसका आर्थिक नुकसान दूर हो गया और इस वर्ष सितंबर माह तक रोडवेज 20 करोड़ रुपये के मुनाफे में पहुंच गया।

वर्तमान में समस्त कार्मिकों को वेतन भी समय पर मिल रहा व सेवानिवृत्त कार्मिकों के लंबित देयक भी दिए जा चुके हैं। दीपावली पर कार्मिकों को बोनस भी दिया गया। ऐसे में दीपावली पर हुई रिकार्ड कमाई से रोडवेज अधिकारियों एवं कार्मिकों की बांछे खिल गई हैं। बताया गया कि त्योहारी सीजन में रोडवेज ने रोज दो करोड़ रुपये तक की औसत कमाई की है।

धनतेरस के दिन यानी 22 अक्टूबर को अभी तक के सभी रिकार्ड ध्वस्त करते हुए रोडवेज की बसों ने 2.87 करोड़ रुपये की कमाई की। प्रबंध निदेशक मीणा ने बताया कि त्योहारी सीजन में बसों में भीड़भाड़ है। जिसके चलते भीड़ वाले मार्गों पर अधिक बसों का संचालन किया गया।

दिल्ली मार्ग पर बसों के फेरों में काफी बढ़ोत्तरी की गई थी। इसके साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा का भी बखूबी ख्याल रखा गया। रविवार तक बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।

2.62 करोड़ थी सर्वाधिक कमाई

त्योहारी सीजन में रोडवेज ने पहली बार ढाई करोड़ की कमाई का रिकार्ड बीते साल दीपावली पर बनाया था। त्योहारी सीजन में इससे पूर्व तक रोडवेज की अधिकतम आय सवा दो करोड़ रुपये थी। गत साल भाईदूज के अगले दिन यानी रविवार को रोडवेज ने ढाई करोड़ की कमाई कर बीते सभी रिकार्ड तोड़ दिए थेइसी वर्ष रक्षाबंधन पर कमाई का नया रिकार्ड बना रोडवेज बसों ने 2.62 करोड़ की कमाई की। परिवहन मंत्री चंदन रामदास ने बताया कि रोडवेज को त्योहारी सीजन में तीन करोड़ आय का लक्ष्य दिया गया है, जो धनतेरस पर 2.87 करोड़ पहुंच गया है। उम्मीद है कि आने वाले रविवार यानी 30 अक्टूबर को तीन करोड़ रुपये का रिकार्ड बनेगा।

You May Also Like

More From Author