ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Laksar SIR विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद लक्सर विधानसभा सीट पर चुनावी समीकरण में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मतदाता सूची में हुए बदलाव के बाद अब इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 90,944 रह गई है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान लक्सर विधानसभा क्षेत्र में 1,03,680 मतदाता दर्ज थे। इस लिहाज से अब तक 12,736 मतदाताओं की कमी सामने आई है।
वहीं, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले भी मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर आया है। 2022 में लक्सर सीट पर कुल 1,02,620 मतदाता थे, जबकि अब यह संख्या 90,944 है। यानी पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले 11,676 मतदाता कम हुए हैं।
प्री-SIR में भी मतदाता संख्या में बदलाव
मैपिंग के बाद तैयार प्री-SIR मतदाता सूची की बात करें तो इसमें 2,679 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई थी। हालांकि, इसे SIR प्रक्रिया के तहत हटाए गए नामों की अंतिम संख्या नहीं माना जा रहा है। इसमें नए मतदाताओं के जुड़ने और मतदाता सूची में किए गए संशोधन भी शामिल हैं।
लक्सर विधानसभा क्षेत्र में SIR प्रक्रिया के दौरान 3,840 आपत्तियां स्वीकार की गई हैं। इन बदलावों का अंतिम प्रभाव मतदाता सूची और आगामी चुनावी समीकरण पर दिखाई दे सकता है।
जीत के अंतर से ज्यादा बदले मतदाता
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में लक्सर सीट पर जीत और हार का अंतर 10,440 वोट रहा था। उस चुनाव में बसपा प्रत्याशी शहजाद को 34,899 वोट मिले थे, जबकि दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता को 24,459 वोट प्राप्त हुए थे।
ऐसे में मौजूदा मतदाता सूची में हुआ बदलाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मतदाताओं की संख्या में आया बदलाव 2022 के जीत-हार के अंतर से भी अधिक है। इसका असर 2027 के विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
बूथ और गांवों में नए सिरे से बनेगा गणित
SIR के बाद राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों को कई बूथ और गांवों में नए सिरे से चुनावी समीकरण तैयार करने पड़ सकते हैं। खासतौर पर उन क्षेत्रों पर नजर रहेगी, जहां मतदाता सूची में सबसे ज्यादा बदलाव हुए हैं।
मतदाताओं की संख्या में कमी के साथ नए नामों का जुड़ना और संशोधन भी चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले लक्सर में मतदाता सूची का अंतिम स्वरूप राजनीतिक दलों के लिए बेहद अहम होगा।
37,726 गणना प्रपत्रों में मिली विसंगतियां
SIR प्रक्रिया के दौरान मैपिंग, गणना प्रपत्रों के वितरण और उनके संकलन के समय 37,726 गणना प्रपत्रों में नाम, फोटो और पते सहित अलग-अलग तरह की विसंगतियां सामने आईं।
इनमें 8,144 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनके नाम वर्ष 2003 की विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नहीं थे। वहीं 8,586 मतदाता ऐसे रहे, जो मृत्यु, स्थान परिवर्तन या अन्य कारणों से बीएलओ के संपर्क करने के बावजूद अपने पते पर नहीं मिले। इसके चलते इन मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित नहीं किए जा सके।
नगर क्षेत्र में भी 2 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम में बदलाव, मृत्यु के मामले या एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने जैसी स्थिति सामने आई।
लक्सर की मतदाता स्थिति
| विवरण | मतदाता |
|---|---|
| वर्ष 2024 में मतदाता | 1,03,680 |
| वर्ष 2022 में मतदाता | 1,02,620 |
| प्री-SIR में मतदाता | 90,944 |
| SIR के बाद मतदाता | 90,944 |
| स्वीकृत आपत्तियां | 3,840 |
| पोलिंग स्टेशन | 132 |

+ There are no comments
Add yours