ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीति में पीढ़ी परिवर्तन की चर्चा भी तेज होने लगी है। इस बार चुनावी मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता की लड़ाई तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि कई राजनीतिक परिवारों के लिए अगली पीढ़ी की दावेदारी भी अहम होगी। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं के बेटे-बेटियां पहले से ही संगठन और राजनीति में सक्रिय हैं। कुछ चुनाव लड़ चुके हैं, तो कुछ आने वाले चुनाव में टिकट के संभावित दावेदार माने जा रहे हैं।
ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या 2027 के चुनाव में कुछ वरिष्ठ नेता खुद चुनावी मैदान से हटकर अपने परिवार के युवा चेहरों को आगे बढ़ाएंगे? क्या भाजपा और कांग्रेस राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए इन युवाओं पर भरोसा जताएंगी या टिकट का आधार केवल उनकी राजनीतिक सक्रियता और जीतने की क्षमता होगी?
भाजपा में बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत का नाम चर्चा में
भाजपा में राजनीतिक विरासत को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा वरिष्ठ नेता बंशीधर भगत के परिवार की हो रही है। नैनीताल जिले की कालाढूंगी विधानसभा सीट से सात बार विधायक रह चुके बंशीधर भगत 2027 के चुनाव में अपने बेटे विकास भगत को आगे बढ़ाने की पैरवी कर चुके हैं।
बंशीधर भगत के संकेतों से माना जा रहा है कि वह इस बार खुद चुनाव लड़ने के बजाय बेटे के लिए अवसर चाहते हैं। विकास भगत भी युवा मोर्चे और संगठन की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में कालाढूंगी सीट पर भाजपा किसे उम्मीदवार बनाती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी।
सतपाल महाराज के बेटे सुयश रावत की भी दावेदारी की चर्चा
भाजपा में अगली पीढ़ी के संभावित चेहरों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के बेटे सुयश रावत का नाम भी शामिल है। सुयश युवा मोर्चे की राजनीति से जुड़े रहे हैं और चौबट्टाखाल क्षेत्र में उनकी सक्रियता की चर्चा होती रही है।
सतपाल महाराज फिलहाल चौबट्टाखाल से विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। ऐसे में इस विधानसभा क्षेत्र में भविष्य की राजनीतिक विरासत को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, 2027 में पार्टी किसे मौका देगी, इसका फैसला टिकट वितरण के समय ही स्पष्ट होगा।
रानीखेत से देहरादून कैंट तक इन नामों की चर्चा
राजनीतिक जानकार भागीरथ शर्मा के मुताबिक, भाजपा में केवल कालाढूंगी और चौबट्टाखाल ही नहीं, बल्कि कई अन्य सीटों पर भी राजनीतिक परिवारों की अगली पीढ़ी को लेकर चर्चाएं हैं।
अल्मोड़ा जिले की रानीखेत सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय बंशी सिंह रावत के बेटे शशांक रावत का नाम संभावित युवा चेहरों में लिया जा रहा है। शशांक युवा मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में काम करने का अनुभव रखते हैं।
वहीं देहरादून कैंट में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस कपूर की राजनीतिक विरासत का सवाल भी महत्वपूर्ण है। उनकी पत्नी सविता कपूर वर्तमान में विधायक हैं, जबकि परिवार के अमित कपूर का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में आता रहा है। इसके अलावा पूर्व मंत्री बिशन सिंह चुफाल की बेटी दीपिका चुफाल को लेकर भी सियासी गलियारों में चर्चा होती रही है।
भाजपा में कई युवा चेहरे पहले ही सत्ता में बना चुके हैं जगह
भाजपा में ऐसे कई नेता हैं, जिन्होंने अपने परिवार की राजनीतिक पहचान के साथ आगे बढ़ते हुए सत्ता और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हासिल की हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी भूषण विधानसभा अध्यक्ष हैं और विधायक के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बेटी नेहा जोशी भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। वह युवा मोर्चे के साथ पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में जिम्मेदारी निभाती रही हैं।
पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रकाश पंत के बेटे सौरभ पंत का नाम भी पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले संभावित चेहरों में लिया जाता है। वहीं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं भी राजनीति में सक्रिय हैं। लैंसडाउन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी अनुकृति फिलहाल भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
कांग्रेस में हरीश रावत परिवार पर सबसे ज्यादा नजर
कांग्रेस में राजनीतिक विरासत की चर्चा होते ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का परिवार सबसे पहले सामने आता है। उनकी बेटी अनुपमा रावत हरिद्वार ग्रामीण सीट से विधायक हैं। वहीं बड़े बेटे वीरेंद्र रावत को 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हरिद्वार से उम्मीदवार बनाया था।
हरीश रावत के छोटे बेटे आनंद रावत भी युवा कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और संगठन में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। हरीश रावत सार्वजनिक रूप से अपने छोटे बेटे आनंद रावत को भी आगामी विधानसभा चुनाव में अवसर दिए जाने की इच्छा जता चुके हैं। ऐसे में 2027 का चुनाव रावत परिवार के लिए भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस में एक परिवार, एक टिकट का फॉर्मूला बन सकता है चुनौती
कांग्रेस में राजनीतिक परिवारों के युवाओं को टिकट देने के साथ ही एक परिवार से एक टिकट की नीति को लेकर भी चर्चा होती रही है। पार्टी के चुनाव समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत का कहना है कि एक परिवार, एक टिकट को लेकर राहुल गांधी पहले ही अपनी राय रख चुके हैं। पार्टी उसी व्यक्ति को मौका देगी जिसकी जनता के बीच मजबूत पकड़ होगी।
यदि कांग्रेस इस नीति पर सख्ती से अमल करती है, तो एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्यों के लिए चुनावी टिकट हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
इंदिरा हृदयेश और यशपाल आर्य के परिवार भी राजनीति में सक्रिय
कांग्रेस में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश का परिवार भी राजनीतिक विरासत की प्रमुख मिसाल है। उनके बेटे सुमित हृदयेश हल्द्वानी से विधायक हैं और अपनी मां की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
इसी तरह नेता प्रतिपक्ष रह चुके यशपाल आर्य के बेटे संजीव आर्य भी विधायक रह चुके हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह संगठन में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक प्रभुलाल बहुगुणा के बेटे अश्विनी बहुगुणा भी कांग्रेस संगठन में सक्रिय हैं।
इन नामों से साफ है कि कांग्रेस में भी कई युवा चेहरे ऐसे हैं, जो राजनीतिक परिवारों से आते हैं और संगठन के जरिए अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं।
राजनीतिक विरासत के साथ खुद को साबित करना भी जरूरी
राजनीतिक जानकार भागीरथ शर्मा का मानना है कि राजनीतिक परिवारों से आने वाले युवाओं को शुरुआती पहचान भले ही परिवार के प्रभाव से मिल जाए, लेकिन चुनाव जीतने के लिए उन्हें अपनी अलग राजनीतिक जमीन तैयार करनी होगी।
उनके मुताबिक, किसी नेता का बेटा या बेटी होना चुनाव जीतने की गारंटी नहीं है। क्षेत्र में संगठन पर पकड़, जनता के बीच सक्रियता और किए गए काम का हिसाब ही किसी उम्मीदवार की वास्तविक ताकत तय करता है।
अनुपमा रावत, सुमित हृदयेश, सौरभ बहुगुणा और ऋतु खंडूड़ी जैसे चेहरे चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक क्षमता साबित कर चुके हैं। वहीं विकास भगत, सुयश रावत, शशांक रावत और आनंद रावत जैसे नामों को लेकर यह देखना दिलचस्प होगा कि वे आने वाले चुनाव में अपनी राजनीतिक भूमिका को कितना आगे बढ़ा पाते हैं।
कांग्रेस बोली- राजनीतिक परिवारों के साथ सामान्य युवाओं को भी मिले मौका
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह का कहना है कि युवाओं का राजनीति में आगे आना सकारात्मक बदलाव है। उनके मुताबिक, केवल पढ़ाई करने से ही व्यवस्था में बदलाव संभव नहीं है। युवाओं को कानून बनाने और नीतियां तय करने की प्रक्रिया में भी भागीदारी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक परिवार के युवा में क्षमता है और वह राजनीति में काम करना चाहता है, तो उसे अवसर मिलना चाहिए। लेकिन राजनीति केवल राजनीतिक परिवारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं को भी आगे बढ़ने और अपनी योग्यता साबित करने का पूरा मौका मिलना जरूरी है।
प्रतिमा सिंह का कहना है कि राजनीति को केवल परिवारवाद के नजरिये से देखना उचित नहीं है। नई पीढ़ी का राजनीति में आना अच्छी बात है और हर युवा को अपनी क्षमता के आधार पर काम करने का अधिकार मिलना चाहिए।
भाजपा ने भी सामान्य परिवारों के युवाओं को आगे बढ़ाने की बात कही
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार का कहना है कि पार्टी हमेशा नए युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने का प्रयास करती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चाहते हैं कि युवा देश की तरक्की में भागीदार बनें।
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि केवल राजनीतिक परिवारों के सदस्य ही राजनीति में आएं। सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं को भी राजनीति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। पार्टी में उन युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए, जो जनता के बीच काम कर रहे हैं और अपनी मेहनत से पहचान बना रहे हैं।
2027 में टिकट वितरण से तय होगी राजनीतिक विरासत की तस्वीर
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 कई राजनीतिक परिवारों के लिए अगली पीढ़ी की परीक्षा साबित हो सकता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों में ऐसे कई युवा चेहरे हैं, जो अपने परिवार की राजनीतिक पहचान के सहारे संगठन में सक्रिय हैं और चुनावी अवसर की उम्मीद लगाए हुए हैं।
हालांकि, अंतिम तस्वीर दोनों दलों के टिकट वितरण के बाद ही साफ होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि वरिष्ठ नेता अपने राजनीतिक अनुभव के बाद अगली पीढ़ी को रास्ता देते हैं या खुद चुनावी मैदान में उतरते हैं। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि पार्टियां राजनीतिक विरासत को प्राथमिकता देती हैं या उम्मीदवार की लोकप्रियता, संगठनात्मक पकड़ और जीतने की संभावना को टिकट का आधार बनाती हैं।
2027 का चुनाव सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता की लड़ाई नहीं होगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि उत्तराखंड की राजनीति में अगली पीढ़ी को कितनी जगह मिलती है और सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं के लिए अवसरों का रास्ता कितना खुला रहता है।
