ख़बर रफ़्तार , रुद्रपुर : जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा में शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग आमने-सामने आ गए और कुछ लोग घायल हो गए।
घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुई भिड़ंत के दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में तैनात पीआरडी जवान भी घायल
जिला अस्पताल परिसर में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। विवाद के दौरान बीच-बचाव और सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद पीआरडी जवान भी घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में मिली मदद
मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की शिकायत पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से जांच की। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही जिला अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आई है।
पहले दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। जांच में जानकारी मिली कि विकास कुमार बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद देर रात उसे थाना पुलभट्टा क्षेत्र में लेकर आया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, आरोपी की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार के रूप में हुई है। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
