ख़बर रफ़्तार , ऋषिकेश : मुनि की रेती क्षेत्र में शनिवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिरोजाबाद से बच्चों को लेकर लक्ष्मणझूला जा रही बस पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हादसे के समय बस में 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी बच्चे को चोट नहीं आई। हालांकि, बस चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य को चोटें आई हैं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
ब्रेक फेल होने से चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 9:40 बजे बस संख्या UP 83 AT 8300 पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भ्रमण और स्नान के लिए जा रही थी।
इसी दौरान मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क पर ढलान होने के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और वाहन सीधे सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराया। टक्कर के बाद बस में सवार बच्चों और शिक्षकों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला
बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बस में फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
मधुबन आश्रम में बच्चों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था
मुनि की रेती के एसएसआई योगेश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उनकी सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मधुबन आश्रम में उनके ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था कराई गई है। पुलिस विद्यालय के शिक्षकों के संपर्क में है और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
पहले भी ओवरलोडिंग को लेकर हो चुकी है कार्रवाई
इस बस से जुड़ा ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इससे पहले एआरटीओ रश्मि पंत ने बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर कार्रवाई की थी। उस दौरान 21 अतिरिक्त सवारियों को बस से उतरवाया गया था और ओवरलोडिंग के मामले में चालान भी किया गया था।
पीडब्ल्यूडी तिराहे की ढलान पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय स्तर पर पीडब्ल्यूडी तिराहे की सड़क की अधिक ढलान को भी दुर्घटनाओं की एक वजह माना जा रहा है। बताया जाता है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पुलिस पूर्व में सड़क की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेज चुकी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। वहीं, बस की तकनीकी स्थिति और अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
