रुड़की : खानपुर बॉर्डर पर चेकिंग कर रही पुलिस की यूपी की ओर से आ रहे दो बदमाशों से मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार, रुड़की : खानपुर लक्सर हाईवे पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों में छुप गए। पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे पकड़ लिया गया है। दूसरा बदमाश फरार है। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने अस्पताल पहुंच घायल बदमाश से पूछताछ की।

बुधवार शाम को खानपुर थाने के गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान दो पुलिसकर्मियों के साथ खानपुर लक्सर हाईवे पर ब्राह्मणवाला गांव की पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। वह बाइक मोड़कर पीछे भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम भी उनका पीछा करने लगी। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। इसके बाद बदमाश सड़क से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिस ने खानपुर थाने को सूचना दी। सूचना पर थाने से सशस्त्र पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और खेत में छिपे बदमाशों को घेर लिया। इसपर बदमाशों ने दोबारा से गोली चलानी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने तीन राउंड फायर किए। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद अस्पताल भिजवा दिया। दूसरा बदमाश फरार हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस उसकी तलाश में खेतों में कांबिंग कर रही है। चौकी प्रभारी नवीन चौहान का कहना है कि पकड़े गए बदमाश का नाम नीरज निवासी ककराला थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर है। उसके दूसरे साथी की भी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। आरोपी के पास से तमंचा बरामद हुआ है।

हत्या, डकैती के आठ मुकदमे हैं दर्ज
मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश पेशेवर शातिर अपराधी है। सूत्रों के अनुसार बदमाश क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस मुठभेड़ में हत्थे चढ़ गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ यूपी में हत्या और डकैती के आठ मुकदमे दर्ज हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours