ख़बर रफ़्तार, उत्तराखंड : Rishikesh Bus Accident सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ऋषिकेश-देहरादून मार्ग से सामने आया है, जहां मंगलवार सुबह काली मंदिर के पास दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की चपेट में एक कार भी आ गई, जिससे तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बसों और कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग और बसों में बैठे दो यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, देहरादून की ओर से आ रही एक बस ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही चारधाम यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं की बस से उसकी टक्कर हो गई। इसी दौरान पास से गुजर रही कार भी दोनों बसों की चपेट में आ गई।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार तीन घायलों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours