
ख़बर रफ़्तार, आइएएनएस: तेज हवा के साथ जिस समय दिल्ली में वर्षा हो रही थी। उस समय दिल्ली के आसमान में उड़ रही एक उड़ान में बैठे लोगों की सांसें अटकी हुई थी। क्योंकि खराब मौसम की वजह से पायलट उड़ान को लैंड नहीं कर पा रहे थे और यात्रियों को इस बात की चिंता हो रही थी कि कहीं उड़ान का ईंधन न खत्म हो जाए।
इसी उड़ान में यात्रा कर रहे एक सेवानिवृत्त पायलट ने इस मामले की जांच की मांग की है। वहीं एयरलाइन ने सोमवार को इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उड़ान में पर्याप्त ईंधन था। उड़ान के अनुभव को भयावह बताते हुए सतीश कुमार ने एक्स पर किए अपने पोस्ट में लिखा कि शनिवार शाम को तीन बजकर 25 मिनट पर उड़ान अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना हुई।
पोस्ट में उन्होंने बताया कि दो बार लैंडिंग का प्रयास किया गया लेकिन खराब मौसम की वजह से लैंडिंग नहीं हो सकी। साढ़े पांच बजे उन्हें बताया गया कि उड़ान को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया है।इस बीच कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। एक क्रू मैंबर को उल्टियां तक आने लगी थीं।
उड़ान में 45 मिनट का ईंधन बचे होने की घोषणा के 115 मिनट बाद शाम छह बजकर दस मिनट पर उड़ान चंडीगढ़ लैंड हुई।लैंड होने के बाद उन्हें क्रू मेंबर से पता लगा कि उड़ान की बिल्कुल आखिरी समय पर लैंडिंग करवाई गई है।विमान में सिर्फ एक से दो मिनट का ही ईंधन बचा था।
फ्लाइट में ईंधन की कमी नहीं थी- इंडिगो एयरलाइन
इसी उड़ान में यात्रा कर रहे सेवानिवृत्त पायलट शक्ति लुंबा ने एक्स पर पोस्ट कर मामले को घोर लापरवाही बताया है और इंडिगो की ओर से सुरक्षा नियमों का उल्लंघन बताते हुए जांच की मांग की है। इंडिगो एयरलाइन प्रवक्ता ने सोमवार को मामले में कहा है कि उड़ान में ईंधन की कमी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या और दिल्ली के बीच चलने वाली इंडिगो की उड़ान को दिल्ली में खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट कर दिया गया था।पायलट ने नियम के अनुसार, आकाश में एक चक्कर लगाया।उड़ान को वैकल्पिक एयरपोर्ट पर ले जाने के लिए उड़ान में पर्याप्त ईंधन था।यात्रियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।
उड़ान में हमेशा रहता है दो घंटे का इंधन
इस बारे में एक पायलट से बात की गई तो उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि किसी भी उड़ान में हर समय कम से कम दो घंटे का ईंधन हमेशा रहता है।
यह ईंधन खासकर उड़ान के डायवर्ट करने के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा भी काकपिट प्रोटोकाल होते हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पायलट ने गलती से 45 मिनट का ईंधन बचे होने की बात कही होगी।
साढ़े चार बजे पहुंचना था दिल्ली
उड़ान संख्या एसई 2702 ने दोपहर तीन बजकर 25 मिनट पर अयोध्या से प्रस्थान किया था और शाम साढ़े बजे दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर आगमन करना था। बाद में इस उड़ान को छह बजकर दस मिनट पर लैंड करवाया गया।यहां उड़ान में ईंधन भरा गया व फिर 45 मिनट के बाद दोबारा दिल्ली के लिए रवाना हो गई थी।
+ There are no comments
Add yours