ख़बर रफ़्तार, उत्तरकाशी: उत्तरकाशी संगमचट्टी क्षेत्र के कफलों गांव स्थित होम स्टे में युवती की संदिग्ध मौत मामले को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में जिला अस्पताल में पहुंचकर लोग हंगामा कर रहे हैं। परिजन व ग्रामीण युवती की हत्या की आशंका जताते हुए उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने शव उठाने से भी इनकार कर दिया।


परिजनों ने आरोप लगाया कि शव जिस रस्सी से लटका हुआ था वह कमजोर थी और अमृता के पैर भी जमीन को छू रहे थे। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या दर्शाने के लिए यहां फंदे लटकाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कमरे में अमृता रहती थी, उसकी अंदर से कुंडी भी नहीं लगी थी।
सूचना पर दोपहर करीब 12:30 बजे सीओ अनुज कुमार मौके पर पहुंचे। जिन्होंने आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों को समझाया। जिसके बाद युवती के शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया गया। ग्रामीण राजेश चौहान, सहदेव रावत, देवेंद्र रावत, भागवत रावत व सतवीर रावत आदि ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।

प्रथमदृष्टया लग फंदे पर लटकने से युवती की मौत हुई है। विस्तृत जांच के लिए डॉक्टरों के पैनल व वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सभी सीसीटीवी कैमरोें व डीवीआर को कब्जे में ले रहे हैं। जो भी साक्ष्य सामने आएगा, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी। -अनुज कुमार, सीओ उत्तरकाशी।
