Dehradun एयरपोर्ट पर मौसम की मार, पांच उड़ानें डायवर्ट; यात्री हुए परेशान

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun खराब मौसम का असर देहरादून की हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बुधवार को सुबह से शाम तक देहरादून एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित रहा। कम विजिबिलिटी के कारण अलग-अलग शहरों से देहरादून पहुंचने वाली पांच उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंचने के कारण उनकी वापसी भी प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुबह करीब 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद 9:55 बजे मुंबई से देहरादून आ रही एयर इंडिया की उड़ान को अमृतसर भेजना पड़ा।

वहीं, सुबह 10:20 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को स्थिति सामान्य नहीं होने पर वापस दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद करीब 11 बजे मुंबई से देहरादून पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान को भी चंडीगढ़ डायवर्ट करना पड़ा।

इसी तरह दोपहर 12:50 बजे हैदराबाद से देहरादून आने वाली फ्लाइट को भी खराब मौसम के चलते चंडीगढ़ भेज दिया गया। इस तरह कुल पांच उड़ानों का रूट बदलना पड़ा।

800 मीटर तक पहुंची विजिबिलिटी

बताया जा रहा है कि सुबह के समय देहरादून एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर करीब 800 मीटर रह गई थी। कम दृश्यता के कारण देहरादून पहुंचने वाली कई उड़ानें एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर लगाती रहीं। काफी देर तक मौसम में सुधार नहीं होने पर सुरक्षा को देखते हुए उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

यात्रियों को हुई परेशानी

उड़ानों के डायवर्ट होने का असर यात्रियों पर भी पड़ा। दूसरे शहरों में भेजी गई कुछ उड़ानें कई घंटे की देरी के बाद वापस देहरादून पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं, कई यात्रियों की आगे की यात्रा और कनेक्टिंग फ्लाइट्स का शेड्यूल भी प्रभावित हुआ।

लगातार खराब मौसम के कारण देहरादून एयरपोर्ट पर पूरे दिन हवाई यातायात सामान्य नहीं हो सका। मौसम साफ होने और विजिबिलिटी बेहतर होने के बाद ही उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

You May Also Like

More From Author