Pithoragarh में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, चार कमरे जलकर खाक

ख़बर रफ़्तार, पिथौरागढ़ : Pithoragarh नगर में वन विभाग कॉलोनी के पास मंगलवार तड़के करीब तीन बजे आशा चौहान के लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते मकान की तीसरी मंजिल पर बने चार कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कमरों की छत भी जलकर नीचे गिर गई।

दमकल ने आसपास के घरों को बचाया

मकान के निचले तल पर सो रहे आशा चौहान और उनके पति को छत गिरने के बाद आग की जानकारी हुई। आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास कई मकान होने के कारण आग फैलने का खतरा था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

पांच लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान

आग में कमरों के अंदर रखा राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। घटना की सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक सदर संजय रावत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन करते हुए पांच लाख रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान जताया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

You May Also Like

More From Author