ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : दिल्ली के महरौली इलाके में पुलिस और वांछित अपराधी काकू पहाड़िया के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। वहीं इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं।
दिल्ली के महरौली में पुलिस और वांछित अपराधी काकू पहाड़िया के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसमें आरोपी घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जबकि एक कांस्टेबल के हाथ में चोट आई।
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के नांगलोई इलाके में भी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। नांगलोई इलाके में दिल्ली पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें तीन अपराधी घायल हुए हैं। डीसीपी आउटर सचिन शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले इसी समूह ने पुलिस की एक टीम पर गोलीबारी की थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। लेकिन आरोपी उस समय भागने में सफल रहे।
आगे बताया कि आज शनिवार को जब पुलिस दल ने उन्हें चुनौती दी, तो उन्होंने फिर से गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस मुठभेड़ में चार में से तीन अपराधी घायल हो गए और बाद में उन्हें पकड़ लिया गया। सभी घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
