SIR विवाद पर CM धामी का विपक्ष पर हमला, बोले- ‘ज्ञानेश कुमार से पहले भी NDA जीत रही थी, कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं’

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : देशभर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर सियासी घमासान जारी है। विपक्षी दल SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में मार्च निकाला और निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर कूच किया।

संसद भवन परिसर में एकत्र हुए विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और इसके बाद प्रस्तावित मार्च के लिए आगे बढ़े। संसद मार्ग पर चल रहे इस प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।

CM धामी ने विपक्ष के प्रदर्शन पर साधा निशाना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष के SIR विरोधी प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पिछले साल ही CEC बने हैं, जबकि उससे पहले भी NDA लगातार चुनाव जीतती रही है।

CM धामी ने कहा कि फरवरी 2025 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त बने, लेकिन उससे पहले भी बीजेपी और NDA कई जगह चुनाव जीत चुकी थी। ऐसे में कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

‘SIR पहली बार नहीं हो रहा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR देश में पहली बार नहीं हो रहा है। उनके मुताबिक इससे पहले भी करीब 20 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन उस समय इस तरह की आपत्ति नहीं उठाई गई।

उन्होंने कहा कि इस बार भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण और गलत नामों को हटाने के उद्देश्य से प्रक्रिया चल रही है। धामी ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति का नाम कई राज्यों की मतदाता सूची में है या किसी अपात्र व्यक्ति को मतदान का अधिकार मिल रहा है, तो उसे रोकना जरूरी है।

‘गलत चीजों को रोकने के लिए हो रही प्रक्रिया’

CM धामी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करने और गलत चीजों को रोकने के लिए SIR की प्रक्रिया की जा रही है। उनके मुताबिक, अगर इस प्रक्रिया को लेकर किसी को आपत्ति है तो उसके पीछे के कारणों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाना सही नहीं है। धामी ने आरोप लगाया कि विपक्ष कभी EVM, कभी प्रशासनिक मशीनरी और कभी चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करता है।

‘देश हुड़दंगबाजी से नहीं, संविधान से चलेगा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश संविधान, कानून और व्यवस्था के आधार पर चलेगा, न कि हुड़दंगबाजी और माहौल खराब करने से। उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के पीछे की मंशा को देख रही है।

धामी ने EVM को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार मिलने पर विपक्ष EVM को जिम्मेदार ठहराता है, लेकिन जब उसी EVM से चुनाव जीतता है तो वह सही हो जाती है।

उत्तराखंड में भी SIR को लेकर कांग्रेस का विरोध

उत्तराखंड में भी हाल ही में SIR की प्रक्रिया पूरी हुई है। प्रदेश कांग्रेस ने SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं और इस मुद्दे पर सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।

अब दिल्ली में विपक्षी सांसदों के SIR विरोधी प्रदर्शन और CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग के बाद यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार राजनीतिक बहस का केंद्र बना हुआ है।

You May Also Like

More From Author