बरेली में मेयर पर भड़के BJP एमपी संतोष गंगवार समर्थक, भूपेंद्र चौधरी के सामने की नारेबाजी; अखिलेश ने कसा तंज

ख़बर रफ़्तार, बरेली: इंटरनेट मीडिया पर एक आडियो प्रसारित होने के बाद सोमवार शाम को बखेड़ा हो गया। भाजपा सांसद संतोष गंगवार के समर्थकों का आरोप था कि महापौर डा. उमेश गौतम ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके विरोध में कई समर्थक सांसद के आवास पहुंच गए। उसी दौरान सांसद से मिलने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के सामने नारेबाजी की। इस घटनाक्रम के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए मगर, सांसद बोले कि कुछ नहीं हुआ।

दूसरी ओर, महापौर भी कह रहे कि सांसद हमारे मार्गदर्शक हैं। उन पर कोई टिप्पणी नहीं की। घटनाक्रम का आरंभ दोपहर से ही हो गया था। भोजीपुरा क्षेत्र में बैठक के दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं संतोष गंगवार के रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि आपत्तिजनक टिप्पणी का संदर्भ देते हुए विरोध प्रकट किया। कुछ देर बाद एक आडियो भी प्रसारित हुआ, जिसे महापौर का बताया गया।
इस बीच शाम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी सांसद संतोष गंगवार के भारत सेवा ट्रस्ट स्थित आवास पहुंचे थे। उसी दौरान जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार कई लोगों के साथ आ गईं। उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा होने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने गेट बंद कर दिया। कुछ देर बाद प्रदेश अध्यक्ष आवास से बाहर आए तो नारेबाजी के बीच उन्हें भी घटनाक्रम बताया गया।

बताया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष ने सांसद से घटनाक्रम पूछा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, किसी को भी सोचकर समझकर बोलना चाहिए। सभी को शांत कर प्रदेश अध्यक्ष जाने लगे तो कुछ कार्यकर्ता कार के सामने खड़े हो गए। वह बमुश्किल किनारे से निकले तो कुछ कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर विरोध प्रकट करते रहे।

एक घंटा बाद प्रकरण शांत हुआ। इससे पहले हंगामा होता देख जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला प्रभारी देवेंद्र चौधरी, वन राज्य मंत्री डा. अरुण कुमार वहां से चुपचाप चले गए थे। इस प्रकरण पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि भाजपा में सब ठीक नहीं चल रहा है।

मंगलवार को पीलीभीत में प्रधानमंत्री की जनसभा है। प्रदेश अध्यक्ष हमें वहां ले जाना चाहते थे, इसलिए बुलाने आए। आवास के बाहर क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। -संतोष गंगवार, सांसद, बरेली सांसद

संतोष गंगवार अति सम्मानित और वरिष्ठ नेता हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जा रहा है। आपत्तिजनक टिप्पणी की बात सरासर गलत है। -डा. उमेश गौतम, महापौर

 

You May Also Like

More From Author