मायावती को बड़ा झटका, इस लोकसभा सीट से निरस्त हुआ बसपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र; क्या अब लड़ सकेंगे चुनाव?

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, बरेली : बहुजन समाज पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा। पार्टी के बरेली सीट के प्रत्याशी मास्टर छोटे लाल का नामांकन निरस्त कर दिया गया। शपथ पत्र में सूचनाएं नहीं भरने पर उनके दोनों पर्चे निरस्त हो गए।

बरेली सीट से 14 व आंवला से 11 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त किए गए। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के तीसरे चरण में सात मई को मतदान होना है। इस चरण के चुनाव से पहले प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू की गई जो 19 अप्रैल तक चली।

बरेली लोकसभा सीट से 28 प्रत्याशियों ने 42 नामांकन पत्र दाखिल किए। वही, आंवला सीट पर 20 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई।

बसपा प्रत्याशी के दोनों नामांकन पत्र खारिज

बरेली लोकसभा सीट के प्रत्याशी मास्टर छोटे लाल गंगवार के दोनों नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। दोनों नामांकन पत्रों में लगे शपथ पत्र में सूचनाएं पूरी नहीं भरी गई थीं। इसके साथ ही इत्तेहाद ए मिल्लत कौंसिल (आइएमसी) के जिलाध्यक्ष व आइएमसी समर्थित फरहत खान का पर्चा भी निरस्त कर दिया गया।

बरेली सीट पर 14 प्रत्याशियों के 15 नामांकन पत्र और आंवला सीट पर 11 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त किए गए हैं। बरेली सीट पर लईक अहमद मंसूरी, संजीव, यतेश कुमार सिंह, महेंद्र पाल, रमेश चंद्र, अंकित गोयल, मनोज विकट, रियासत यार खान, मुख्तार अहमद, कृष्ण कुमार, जितेश कुमार, मिश्री लाल के शपथ पत्र में तमाम कमियां मिलीं। वही, आंवला सीट से उम्मीदवारी करने वाले विवेक कुमार, मुनीश सिंह, रामकुमार, छोटेलाल, मनोज कुमार यादव, सुनीता, पवन कुमार, सत्यवीर सिंह, बलवान सिंह, नीरज कुमार मौर्य, धनपत सिंह के शपथ पत्र में सभी कालम नहीं भरे गए थे।

बरेली में 14 व आंवला में नौ प्रत्याशी नामांकन प्रक्रिया में पर्चों की जांच के बाद बरेली सीट पर 14 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। वही, आंवला सीट पर नौ प्रत्याशियों के पर्चों में कोई कमी नहीं मिली है। स्क्रूटनी के बाद अब दोनों सीटों पर 23 प्रत्याशी मैदान पर हैं। सोमवार को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति साफ होगी।

बसपा प्रत्याशी मास्टर छोटे लाल गंगवार ने पहला पर्चा 16 व दूसरा 18 अप्रैल को दाखिल किया था। नामांकन पत्र में दिए गए शपथ पत्र में सभी कालम भरने होते हैं। उनके शपथ पत्र में कुछ कालम नहीं भरे थे। चुनाव आयोग के नियमों का पालन करते हुए उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया है।

 

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours