खबर रफ़्तार, इस्लामाबाद: स्थानीय नेताओं ने धमकी देते हुए कहा कि अभी यह विरोध प्रदर्शन सीमित इलाके में हो रहा है, लेकिन अगर सरकार ने जवाब नहीं दिया तो यह बड़े पैमाने पर फैल सकता है। जब तक हमारे बेगुनाह बच्चों की हत्या के जिम्मेदारों के बारे में नहीं बताया जाता, तब तक हम शवों को नहीं दफनाएंगे।
पाकिस्तानी सेना की एक और करतूत सामने आई है। दरअसल पाकिस्तानी सेना पर आरोप लगा है कि उसने अपने ही लोगों पर ड्रोन हमला कर दिया। इस हमले में चार बच्चों की जान चली गई है। ड्रोन हमला पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में हुआ। जिसके बाद हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और उन्होंने न्याय की मांग की। इस हमले का शक पाकिस्तानी सेना पर जताया जा रहा है।
लोगों ने दी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की धमकी
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा राज्य का नॉर्थवेस्ट इलाका पाकिस्तानी तालिबान का गढ़ माना जाता है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नॉर्थवेस्ट के मीर अली इलाके में यह ड्रोन हमला किसने किया। अभी तक घटना को लेकर पाकिस्तान की सेना ने भी कोई बयान जारी नहीं किया है। एक स्थानीय नेता ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा कि ‘हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन हमें न्याय चाहिए। सरकार को हमें ये बताना चाहिए कि किसने हमारे बच्चों को मारा।’ प्रदर्शनकारियों ने मृतक बच्चों के शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय नेताओं ने धमकी देते हुए कहा कि अभी यह विरोध प्रदर्शन सीमित इलाके में हो रहा है, लेकिन अगर सरकार ने जवाब नहीं दिया तो यह बड़े पैमाने पर फैल सकता है। जब तक हमारे बेगुनाह बच्चों की हत्या के जिम्मेदारों के बारे में नहीं बताया जाता, तब तक हम शवों को नहीं दफनाएंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हमें न्याय चाहिए के नारे लगाए।
