ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar Pilla Gang हरिद्वार में सक्रिय आपराधिक गैंगों के खिलाफ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार असर दिखा रहा है। बाज गैंग के बाद अब पुलिस ने पिल्ला गैंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गैंग सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने के लिए मारपीट की घटनाओं को अंजाम देता था और उनके वीडियो इंस्टाग्राम व फेसबुक पर वायरल करता था। हाल ही में भीमगोड़ा बैराज क्षेत्र में गैंग से जुड़े युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत 19 वर्षीय आर्यन सैनी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान वायरल वीडियो के आधार पर हुई।
इसके अलावा, मारपीट में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने गैंग की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए आठ मॉडिफाइड बाइकों को भी सीज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कनखल थाना क्षेत्र में बढ़ती मारपीट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सादे कपड़ों में टीमें तैनात की थीं, जिन्होंने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि हरिद्वार में पिछले कुछ समय से पिल्ला, बैंगन और बाज जैसे गैंग सक्रिय हैं, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हो रहे हैं। ये गैंग सोशल मीडिया पर अपनी पकड़ और दहशत दिखाने के लिए वीडियो पोस्ट करते हैं। पुलिस न केवल इन पर कार्रवाई कर रही है, बल्कि इनके सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद करवा रही है।

+ There are no comments
Add yours