ख़बर रफ़्तार, हल्द्वानी : Cm Dhami हल्द्वानी में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुजुर्गों को समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा प्रदान करता है।
सीएम धामी ने कार्यक्रम में कई अहम घोषणाएं करते हुए कोटाबाग में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वृद्ध आश्रम स्थापित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन जिलों में अभी तक वृद्धाश्रम नहीं हैं, वहां नए आश्रम खोले जाएंगे और प्रत्येक जिले में बुजुर्गों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सीएम ने “अभय उदय कॉफी टेबल बुक” का लोकार्पण किया और “सीएम सीनियर कनेक्ट एप” भी लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वृद्धजनों की देखभाल और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि बुजुर्गों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य में वृद्धाश्रम व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण जारी है।
इसके अलावा रुद्रपुर में केंद्र सरकार के सहयोग से एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम तैयार किया जा रहा है, वहीं रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रम स्थापित करने की प्रक्रिया तेज है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 100 वर्षीय माधवी वर्मा का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और कहा कि बुजुर्गों का अनुभव जीवन का मार्गदर्शन करने वाला ध्रुव तारे के समान है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी यह साबित करती है कि उम्र केवल एक संख्या है।
सीएम ने बताया कि राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 20 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। इस वर्ष प्रत्येक जिले में 50 मास्टर ट्रेनर और 150 प्रशिक्षित केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 1300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की योजना भी लागू की गई है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए 13 वरिष्ठ नागरिकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

+ There are no comments
Add yours