ख़बर रफ़्तार , अमृतसर (पंजाब) : पंजाब के अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। कंबोह थाना क्षेत्र के पंडोरी वड़ैच गांव में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति की उसके ही सगे भाई ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान सिमरनदीप सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम किरनदीप सिंह बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी आम आदमी पार्टी से जुड़ा है और ब्लॉक समिति का सदस्य भी है।
विवाद के बाद भाई पर चलाईं दो गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, हाल ही में यह विवाद बढ़ गया और इसी दौरान किरनदीप सिंह ने कथित तौर पर अपने भाई सिमरनदीप सिंह पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से सिमरनदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रमनदीप सिंह और डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी रमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को पंडोरी वड़ैच गांव में गोलीबारी की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में दोनों भाइयों के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस के अनुसार, मृतक सिमरनदीप सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े आरोप सामने आए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसके कथित तौर पर नशे के सेवन और बिक्री में शामिल होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की बात भी सामने आई है।
एसपी रमनदीप सिंह ने कहा कि मृतक के खिलाफ लगे आरोपों और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
