ख़बर रफ़्तार, देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने गुरुवार, 24 सितंबर को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मृतका के पति धीरज पंवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ही अपनी पत्नी काजल की गोली मारकर हत्या की थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि धीरज को करीब एक महीने पहले जानकारी मिली थी कि उसकी पत्नी उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या की योजना बनाई और 21 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।
घर में विवाद के बाद मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि धीरज और उसकी पत्नी काजल के बीच हाथापाई हुई है और महिला को गोली लगी है। सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली।
महिला के सिर और पेट पर गोली लगने के निशान मिले थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू की।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी धीरज पंवार को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस और घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई खून लगी शर्ट भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या के पीछे तलाक की बात को लेकर विवाद की जानकारी दी है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

+ There are no comments
Add yours