ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर : AI Camera सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, अब यही तकनीक कई वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें नियमों का पालन करने के बावजूद वाहन चालकों के गलत ऑनलाइन चालान जारी हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठे व्यक्ति के बीच रखा बैग, डिब्बा, बोरी या अन्य सामान एआई कैमरे द्वारा तीसरी सवारी के रूप में पहचान लिया जाता है। इसके बाद सिस्टम स्वतः ट्रिपल राइडिंग का ई-चालान जनरेट कर देता है। कई वाहन चालकों का कहना है कि मोबाइल पर चालान का संदेश आने के बाद ही उन्हें इसकी जानकारी मिलती है, जबकि उन्होंने कोई नियम नहीं तोड़ा होता।
बिना गलती के कट रहे चालान, पगड़ी पहनने वालों को भी हो रही परेशानी
रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय में केवल ट्रिपल राइडिंग ही नहीं, बल्कि हेलमेट से जुड़े गलत चालानों की शिकायतें भी पहुंच रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुछ मामलों में छोटी पगड़ी पहनने वाले सिख वाहन चालकों को भी एआई कैमरे ने बिना हेलमेट मानकर चालान जारी कर दिया। इस तरह की दो से तीन शिकायतें विभाग को प्राप्त हो चुकी हैं।
इसी प्रकार, सामान लेकर चलने वाले वाहन चालकों के भी कई मामले सामने आए हैं। फोटो देखने पर स्पष्ट होता है कि वाहन पर कोई तीसरी सवारी नहीं, बल्कि केवल सामान रखा हुआ था। इसके बावजूद एआई आधारित सिस्टम ने उसे ट्रिपल राइडिंग मानकर चालान जारी कर दिया।
गलत चालान मिलने पर क्या करें ? जानिए शिकायत की पूरी प्रक्रिया
यदि किसी वाहन चालक का एआई कैमरे की तकनीकी त्रुटि के कारण गलत ऑनलाइन चालान कट जाता है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। सबसे पहले चालान में उपलब्ध फोटो और विवरण की जांच करें। यदि तस्वीर में स्पष्ट रूप से सामान दिखाई दे रहा है और तीसरी सवारी नहीं है, तो संबंधित यातायात पुलिस या परिवहन विभाग के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के साथ संबंधित फोटो या अन्य आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करने पर मामले की जांच की जाती है और तकनीकी त्रुटि साबित होने पर चालान निरस्त किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन पर सामान ले जाते समय भी यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। ऐसा सामान नहीं रखना चाहिए जिससे वाहन का संतुलन बिगड़े, सड़क पर गिरने का खतरा हो या अन्य लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो। यदि सामान सुरक्षित तरीके से रखा गया है और फिर भी गलत चालान जारी हो जाता है, तो वाहन चालक नियमानुसार आपत्ति दर्ज कर उसका निराकरण करा सकते हैं।

+ There are no comments
Add yours