ख़बर रफ़्तार, कवर्धा : Kabirdham छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सामने आए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस अब तक 6 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। मामले की जांच के तहत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस को 16 लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर मिला। सभी बरामद सामग्री को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी जल्द इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धान घोटाले की जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही छापेमारी और जांच से जिले में हड़कंप का माहौल है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

+ There are no comments
Add yours