Rahul Gandhi के उत्तराखंड दौरे पर बोले सीएम धामी, ‘चुनाव के समय आना-जाना लगा रहता है’

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Rahul Gandhi वरिष्ठ कांग्रेस नेता के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले राज्य की राजनीति गरमा गई है। जहां कांग्रेस उनके स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी चुनावी माहौल बनने से पहले उत्तराखंड आते, तो इसे अधिक गंभीरता से देखा जाता। उनके अनुसार, चुनाव नजदीक आते ही विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता राज्यों का दौरा करते हैं और यह स्वाभाविक राजनीतिक प्रक्रिया है।

पेपर लीक के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि उनकी सरकार में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस विषय पर कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल और अपनी पार्टी से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।

गौरतलब है कि 17 जुलाई को राहुल गांधी देहरादून पहुंचने वाले हैं। इस दौरान वह ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और छात्रों से संवाद करने के साथ-साथ विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार भी रखेंगे।

राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, जबकि भाजपा इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर लगातार सवाल उठा रही है। ऐसे में उनके दौरे से पहले उत्तराखंड की सियासत और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours