Kanpur में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने दो ट्रैफिक सिपाहियों को कुचला, एक की मौत

ख़बर रफ़्तार, कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैफिक पुलिस के एक जवान की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना बर्रा थाना क्षेत्र के एलिवेटेड रोड पर सुबह करीब चार बजे हुई, जब दोनों पुलिसकर्मी जाम की सूचना मिलने पर ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार एलिवेटेड रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर उसने नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। बाद में राहत टीम ने केबिन काटकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही बर्रा पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल पुलिसकर्मी का उपचार जारी है। हादसे के कारण एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सामान्य कराया।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) और डीसीपी ट्रैफिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि मृत ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार आगरा के निवासी थे और वर्ष 2018 बैच के जवान थे। वहीं, घायल सिपाही राकेश कुमार बुलंदशहर के रहने वाले हैं। ट्रक चालक की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author