ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : CBSE 12th Result 2026 ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अपना स्कोरकार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।
छात्र DigiLocker, UMANG ऐप और SMS सेवा के जरिए भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस साल CBSE 12वीं परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 85.20% दर्ज किया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 3.19% कम है। वर्ष 2025 में पास प्रतिशत 88.39% था।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से 6.73% अधिक दर्ज किया गया। वहीं, त्रिवेंद्रम रीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 95.62% पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि प्रयागराज रीजन सबसे नीचे रहा।
CBSE ने इस साल भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, टॉप 0.1 प्रतिशत छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
इस बार CBSE ने मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को पूरी तरह लागू किया। बोर्ड के मुताबिक, यह अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल मूल्यांकन पहल है।
कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थी। परीक्षा में 17.80 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 15 लाख से ज्यादा छात्र सफल हुए।

+ There are no comments
Add yours