Vikram Sharma Murder में बड़ा खुलासा, 1 लाख का इनामी आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Vikram Sharma Murder  में दून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब तीन महीने से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ था।

गौरतलब है कि 13 फरवरी को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी के बाहर जिम से निकलते समय झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद डालनवाला कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश झारखंड से आए युवकों ने रची थी। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि छह आरोपी फरार चल रहे थे। सभी फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी यशराज सिंह सहारनपुर पहुंचा है। इसके बाद पुलिस और STF की टीम ने रेलवे रोड स्थित होटल सूर्यलोक के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दुकानों में नमकीन, चिप्स और अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई करता था। उसके साथी विशाल सिंह ने विक्रम शर्मा की हत्या की योजना बनाई थी, जिसमें आकाश प्रसाद, अंकित वर्मा, जितेंद्र साहू और मोहित उर्फ अक्षय ठाकुर को शामिल किया गया।

आरोपियों ने इससे पहले दिल्ली और नोएडा में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन भीड़भाड़ के चलते वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में जिम के बाहर हत्या की पूरी साजिश रची गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो आरोपी के पिता की थी। यशराज ने ही यूपीआई के जरिए आरोपियों को फ्लाइट टिकट, होटल और किराये की स्कूटी के लिए पैसे भेजे थे।

पुलिस का मानना है कि फरार अन्य आरोपी पश्चिम बंगाल में छिपे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours