ख़बर रफ़्तार, छत्तीसगढ़ : Dongargarh छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ इलाके में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं एलबी नगर क्षेत्र के कोहलाकसा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से निकले जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों में कोलहाकसा गांव की फूलबाई साहू की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। उन्हें सीने और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है।
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। तेंदूपत्ता सीजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, ऐसे में इस हमले ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours