खबर रफ्तार, नई दिल्ली : दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यूंग तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। रविवार को नई दिल्ली आगमन के बाद सोमवार को उनका राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहे और उन्होंने कोरियाई राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
राष्ट्रपति ली ने अपनी यात्रा के दौरान राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम ही क्यूंग भी भारत आई हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच “विशेष रणनीतिक साझेदारी” को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सोमवार को राष्ट्रपति ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में जहाज निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसके अलावा, उभरती प्रौद्योगिकियों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को भी मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
इससे पहले, रविवार को दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने राष्ट्रपति ली का स्वागत किया। बाद में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उनसे मुलाकात की और भारत-कोरिया संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ली के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन करेंगे, वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी उनके लिए एक औपचारिक भोज की मेजबानी करेंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ली की मुलाकात G20 शिखर सम्मेलन जोहानसबर्ग में हुई थी, जहां दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने पर सहमति बनी थी।

+ There are no comments
Add yours