कांग्रेस प्रभारी के आगमन से थमेगी गुटबाजी की आग, पांच दिन रुद्रपुर में रहेंगी सक्रिय

खबर रफ्तार, देहरादून : कांग्रेस प्रभारी सैलजा के आने से पार्टी में गुटबाजी की आंच कुछ नरम पड़ेगी। पांच दिवसीय दौरे पर आज प्रभारी रुद्रपुर पहुंचेंगी। प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता बैठकों में मौजूद रहेंगे।

करीब ढाई महीने बाद कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा पांच दिन के उत्तराखंड के दौरे पर आज रुद्रपुर पहुंचेगी। कार्यकर्ता व पार्टी नेताओं में इस बार की खूब चर्चा है कि प्रभारी के आने से पार्टी में गुटबाजी व आपसी खींचतान की आंच नरम पड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस ने सभी वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी की बैठकों में मौजूद रहने को कहा है लेकिन पूर्व सीएम हरीश रावत बैठक में जाने पर खामोश हैं।

आठ जनवरी 2026 को कुमारी सैलजा देहरादून आई थीं। इसके बाद उन्होंने ज्यादा नई दिल्ली में प्रदेश नेताओं के साथ बैठकें कीं। इस बार उनके आने से पहले पार्टी नेताओं के बीच एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी से गुटबाजी खुल कर सामने आई है। रामनगर से 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़े संजय नेगी को पार्टी में शामिल न करने और उसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत के 15 दिन के अवकाश पर जाने से नेताओं की बयानबाजी से गुटबाजी जोरो पर है।

कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है प्रदेश प्रभारी के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रभारी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, नैनीताल जिले के हल्द्वानी, पौड़ी जिले के कोटद्वार, हरिद्वार के बाद देहरादून जिले में महानगर, जिला कमेटी व प्रदेश नेताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगी। प्रभारी की बैठकों में सभी वरिष्ठ नेताओं में मौजूद रहने को कहा गया है।

पार्टी का कार्यकर्ता हूं प्रभारी को गुलदस्ता देने जाऊंगा

अवकाश पर चल रहे पूर्व सीएम हरीश रावत बैठक में शामिल होने पर खामोश हैं। 10 अप्रैल को उनका 15 दिन के अवकाश की अवधि पूरी हो रही है। जबकि प्रदेश प्रभारी 11 व 12 अप्रैल को देहरादून में हैं। हरीश रावत ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता हूं और प्रभारी को उत्तराखंड दौरे पर आने के लिए गुलदस्ता देने जरूर जाऊंगा। हालांकि उन्होंने अभी अवकाश पूरा होने के बाद काम पर लौटने को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। उन्होंने कहा था कि उत्तराखंडियत पार्ट-दो पुस्तक को अंतिम रूप देना है, इस पुस्तक में कई विषयों को शामिल करना है, यदि आवश्यकता पड़ी तो अवकाश बढ़ा भी सकता हूं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours