प्रेम संबंध में महिला की हत्या: महिला ने बनाई दूरी तो होमगार्ड ने बेरहमी से ली जान

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार, शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के बंडा में एक होमगार्ड ने बेरहमी से महिला की हत्या कर दी। महिला विधवा थी। होमगार्ड के उससे प्रेम संबंध थे। दूरी बनाने पर आरोपी ने उसकी जान ले ली।

शाहजहांपुर के बंडा में शुक्रवार रात कहासुनी के बाद होमगार्ड ने महिला के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी होमगार्ड को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।

बंडा के भानपुर निगुआ गांव की रहने वाली 35 वर्षीय किरन देवी के पति राजेश गौतम की 12 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पति की मौत के कुछ समय बाद किरन देवी के घर में पड़ोसी गांव पड़रिया दलेलपुर के रहने वाले होमगार्ड पुष्पेंद्र कुमार का आना-जाना बढ़ गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से महिला ने उससे दूरी बना ली थी। इस पर दोनों के बीच काफी लड़ाई-झगड़ा होता था।

ईंट से सिर पर किए कई प्रहार 
शुक्रवार रात करीब 11 बजे पुष्पेंद्र किरन देवी के घर पहुंचा। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों लोग साथ में घर से बाहर चल लिए। जैसे ही दोनों भानपुर निगुआ व पड़रिया दलेलपुर गांव के बीच अशोक के खाली पड़े प्लॉट के पास पहुंचे, तभी दोनों के बीच फिर विवाद होने लगा। इस बीच पुष्पेंद्र ने किरन के सिर पर ईंट मार कर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी मिलने पर पहुंची किरन की छोटी बेटी ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बंडा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम ने पुष्पेंद्र को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours